अलीगढ़। रोडवेज में नौकरी से हटाए जाने से नाराज 48 वर्षीय संविदा बस चालक राजू सैनी रविवार सुबह करीब 40 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ गया। क्वार्सी थाना क्षेत्र के नगला टिकौना निवासी राजू ने नौकरी में दोबारा बहाली का लिखित आश्वासन मिलने तक नीचे उतरने से इनकार कर दिया। सूचना पर पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ा रहा। राजू के अनुसार, उसने वर्ष 2022 में रोडवेज में संविदा पर बस चालक की नौकरी शुरू की थी। वर्ष 2024 में स्टाफ से अभद्रता और बाद में ड्यूटी में लापरवाही के आरोप में उसका तबादला किया गया। वर्ष 2025 में उसे नौकरी से हटा दिया गया। राजू का कहना है कि उसकी पत्नी भावना कैंसर से पीड़ित हैं और परिवार का खर्च उसकी कमाई से चलता था। रविवार रात परिजन उसके लिए खाना लेकर पहुंचे, लेकिन उसने भोजन नहीं किया और टावर पर ही रात बिताई। सोमवार सुबह तक वह नीचे नहीं उतरा था। रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक सौरभ कुमार वर्मा ने बताया कि राजू की बहाली के संबंध में मुख्यालय को पत्र भेजा गया है। अनुमति मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group