शामली। सात साल तक प्रेम संबंध में रहने के बाद शादी की उम्मीद लगाए बैठी युवती को जब प्रेमी की दूसरी जगह शादी तय होने की जानकारी मिली तो उसने अनोखे अंदाज में विरोध जताया। देहरादून निवासी युवती अपनी मां और परिजनों को साथ लेकर बैंड-बाजे के साथ प्रेमी के घर बारात लेकर पहुंच गई। हाथों में एक बैनर भी था, जिस पर लिखा था- ‘दुल्हन लेकर आई बारात’। युवती के इस कदम को देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

मामला कांधला क्षेत्र के एलम कस्बे का है। युवती का आरोप है कि अंकुश नाम के युवक के साथ उसका करीब सात साल से प्रेम संबंध था। युवक ने उससे शादी करने का भरोसा दिया था, लेकिन अब उसने दूसरी जगह विवाह तय कर लिया। युवती के मुताबिक, युवक की शादी 21 नवंबर को होनी है। लंबे समय तक साथ रहने और शादी का भरोसा मिलने के बाद अचानक दूसरी जगह रिश्ता तय होने से वह नाराज है।

गुरुवार शाम करीब छह बजे युवती अपनी मां और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ बैंड-बाजे लेकर अंकुश के घर पहुंच गई। युवती के हाथ में मौजूद बैनर पर लिखे संदेश ने लोगों का ध्यान खींचा। अचानक बारात पहुंचने से युवक के घर पर हलचल मच गई और आसपास के लोग भी तमाशबीन बनकर जमा हो गए।

युवती के इस कदम की क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है। उसका कहना है कि सात साल के प्रेम संबंध के बाद अब उसे शादी का भरोसा पूरा होता नजर नहीं आ रहा। हालांकि, मामले में युवक और उसके परिवार का पक्ष सामने नहीं आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group