नोएडा। यमुना एक्सप्रेसवे पर जेवर हवाई अड्डे के नजदीक बुधवार देर रात स्लीपर बस में आग लगने से नौ यात्रियों की मौत हो गई। हादसे में आठ पुरुष और एक महिला की जान गई है। बस में करीब 35 यात्री सवार थे, जिनमें से 20 को बचा लिया गया, जबकि कुछ यात्रियों ने खिड़कियां तोड़कर बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। दमकल विभाग की पांच गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बचाव अभियान लगभग दो घंटे तक चला।हादसा जेवर हवाई अड्डे से करीब 500 मीटर दूर रात लगभग 11 बजे हुआ। जानकारी के मुताबिक बस दिल्ली के कश्मीरी गेट से रात 9 बजे महोबा के लिए रवाना हुई थी। आग लगने के बाद बस का पिछला हिस्सा तेजी से लपटों की चपेट में आ गया। दमकलकर्मियों को अंदर तक पहुंचने के लिए बस के हिस्से को काटना पड़ा। आग से शव बुरी तरह झुलस गए, जिससे उनकी पहचान करने में कठिनाई हुई। पुलिस परिजनों की मदद से मृतकों की शिनाख्त कराने में जुटी है।प्राथमिकी में दर्ज यात्री सुनील कुमार के बयान के अनुसार, बस में जलने जैसी गंध आ रही थी। यात्रियों ने चालक और परिचालक को इसकी जानकारी दी, लेकिन आरोप है कि उनकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया गया। कुछ समय बाद बस में आग भड़क उठी। यात्रियों के शोर मचाने के बावजूद बस तत्काल नहीं रोकी गई। आग बढ़ने पर यात्रियों ने खिड़कियां तोड़कर बाहर निकलने का प्रयास किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद होगी।मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार ने प्रारंभिक जानकारी में एसी के संपर्क में स्पार्क या ब्लास्ट से इंजन में आग लगने की आशंका जताई है। हालांकि, आग के वास्तविक कारण का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।पुलिस के अनुसार बस मध्य प्रदेश की राज कल्पना ट्रैवल्स की थी। बस के 19 चालान होने और 1.75 लाख रुपये का जुर्माना लगाए जाने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस ने चालक पवन और परिचालक योगेश को गिरफ्तार किया है। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने हादसे पर दुख जताते हुए मामले में जांच के आधार पर कार्रवाई की बात कही है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था करने को भी कहा गया है। जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई।