शामली। बाबरी-हिंद मार्ग स्थित बागवाले बाबा मंदिर के मुख्य द्वार पर मांस का टुकड़ा मिलने से ग्रामीणों में हलचल मच गई। मंदिर के प्रवेश द्वार पर मांस पड़ा देखकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने मामले की सूचना डायल 112 पर दी, जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की।प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मंदिर के पास स्थित खाली प्लॉट में एक मृत जानवर पड़ा था। आशंका जताई गई कि आवारा कुत्ते वहां से मांस का टुकड़ा उठाकर मंदिर के मुख्य द्वार तक ले आए। पुलिस की शुरुआती जांच में मांस मृत कुत्ते के बच्चे का होने की बात सामने आई है।सूचना पर बाबरी थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से जानकारी जुटाई। थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह सिद्धू ने बताया कि प्रथम दृष्टया आवारा कुत्तों द्वारा मृत जानवर का मांस मंदिर के द्वार तक लाने की बात सामने आई है। फिलहाल जांच में किसी आपराधिक गतिविधि के संकेत नहीं मिले हैं।