मुजफ्फरनगर। पुरकाजी थाना क्षेत्र के हरेटी गांव में ग्राम प्रधान के 19 वर्षीय पुत्र का शव जंगल में मिलने से गांव में हड़कंप मच गया। युवक बुधवार शाम अपने दोस्त के जन्मदिन समारोह में शामिल होने के लिए गया था। अगले दिन सुबह उसका शव खेत के पास मिलने से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।जानकारी के अनुसार, हरेटी गांव के ग्राम प्रधान विवेक राठी का पुत्र रोहन राठी बुधवार शाम करीब छह बजे भोपा थाना क्षेत्र के ननेहड़ा गांव में आयोजित जन्मदिन समारोह में शामिल होने गया था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर स्वजन ने उससे फोन पर संपर्क किया। बताया गया कि रोहन ने सुबह वापस आने की बात कही थी। इसके बाद गुरुवार सुबह करीब आठ बजे सलेमपुर मार्ग से स्कूल जा रहे बच्चों ने खेत के किनारे शव पड़ा देखा। बच्चों की सूचना पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शव की पहचान रोहन के रूप में की।शव मिलने की सूचना से गांव में लोगों की भीड़ जुट गई। रिपोर्ट के अनुसार, युवक के कान के नीचे चोट का निशान था और शरीर पर मिट्टी लगी हुई थी। इन परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, युवक की मौत किस वजह से हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।सूचना मिलने पर एसपी सिटी अमृत जैन, सीओ सदर सुनील कुमार और थाना प्रभारी डॉ. मनविंदर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मौत के कारणों का पता लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group