मेरठ। उत्पीड़न की शिकायत पर सुनवाई नहीं होने से नाराज एक महिला ने बुधवार को एसएसपी कार्यालय में चाकू निकालकर हंगामा कर दिया। महिला ने खुद को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी, जिसके बाद पुलिसकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। करीब आधे घंटे तक समझाने के बाद भी महिला शांत नहीं हुई तो इंस्पेक्टर सिविल लाइंस अरुण भाटी ने पीछे से पहुंचकर उसके हाथ से चाकू छीन लिया। पुलिस ने महिला को चिकित्सकीय जांच के लिए भेज दिया और उसके पति को घटना की जानकारी दी।महिला का आरोप है कि एक युवक करीब एक महीने से उसे फोन और संदेश भेजकर परेशान कर रहा है। कांवड़ यात्रा के दौरान आरोपी ने उसका मोबाइल नंबर हासिल किया था, जिसके बाद वह लगातार फोन करने लगा। महिला के अनुसार, आरोपी रात में फोन कर आपत्तिजनक बातें करता था। विरोध करने पर धमकी भी दी गई। परेशान होकर महिला ने कंकरखेड़ा थाने में शिकायत की और पुलिस को आरोपी के संदेशों व फोन कॉल के स्क्रीनशॉट भी सौंपे।महिला का कहना है कि पुलिस ने आरोपी को दो दिन में सामने बुलाने की बात कही थी, लेकिन समय बीतने के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद वह बुधवार को एसएसपी कार्यालय पहुंची। वहां से उसे सरधना थाने जाने के लिए कहा गया, जिससे वह नाराज हो गई और चाकू निकाल लिया। महिला के हाथ पर चोट के निशान भी बताए गए हैं।हंगामे की सूचना पर सिविल लाइंस थाने के इंस्पेक्टर अरुण भाटी महिला पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने महिला को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह शांत नहीं हुई। इसी दौरान इंस्पेक्टर झाड़ियों के पीछे से उसके पास पहुंचे और उसके हाथ से चाकू छीन लिया। इसके बाद पुलिस महिला को अपने साथ ले गई।इंस्पेक्टर सिविल लाइंस ने बताया कि महिला काफी परेशान दिखाई दे रही थी और उसके हाथ पर चोट के निशान थे। उसे चिकित्सकीय जांच के लिए भेजा गया है। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि पुलिस को महिला के खुद को चोट पहुंचाने की कोशिश करने की सूचना मिली थी। पुलिस ने उसे रोक लिया और हल्की चोट के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी गई है।