शामली। शामली रेलवे स्टेशन पर सोमवार रात ट्रेन से उतरते समय पैर फिसलने से एक युवक गंभीर हादसे का शिकार हो गया। ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की और मोबाइल के जरिए स्वजन को घटना की जानकारी दी।बताया गया कि थानाभवन क्षेत्र निवासी मनवर सोमवार रात करीब नौ बजे सहारनपुर से दिल्ली जाने वाली ट्रेन से शामली पहुंचा था। उसे आगे कैराना स्थित अपनी ससुराल जाना था। ट्रेन के शामली स्टेशन पर रुकने के बाद वह नीचे उतर रहा था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना के बाद रेलवे स्टेशन पर मौजूद लोगों ने इसकी सूचना जीआरपी को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। तलाशी के दौरान युवक की जेब से रेलवे टिकट और मोबाइल फोन मिला। मोबाइल में मिले संपर्क नंबरों के आधार पर पुलिस ने उसके परिजनों से संपर्क कर हादसे की सूचना दी।युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। कुछ ही देर में परिजन शामली रेलवे स्टेशन पहुंच गए। जीआरपी थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई के लिए भेजा गया है। हादसे के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।