मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में बिलासपुर कट के पास सोमवार रात सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। ट्रक की चपेट में आने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।मृतक की पहचान शुभम बावरा के रूप में हुई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। बताया गया कि शुभम अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। परिवार में उसकी शादी को लेकर तैयारियां चल रही थीं। ऐसे में अचानक हुई मौत से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं।वह आजाद समाज पार्टी के वरिष्ठ नेता उपकार बावरा का चचेरा भाई है। हादसे की जानकारी मिलने पर भीम आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय रतन समेत संगठन से जुड़े लोग अस्पताल पहुंचे और स्वजन से जानकारी ली।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटना में शामिल ट्रक और उसके चालक के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।