शामली। शामली-मुजफ्फरनगर मार्ग स्थित गुलशन केमिकल इंडस्ट्रीज में गुरुवार सुबह काम के दौरान अचानक हुए विस्फोट से दो कर्मचारी घायल हो गए। घटना के बाद फैक्टरी में अफरातफरी की स्थिति बन गई। गंभीर रूप से घायल कर्मचारी को उपचार के लिए मेरठ रेफर किया गया है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।बताया गया कि सुबह करीब नौ बजे फैक्टरी परिसर में एक छोटे तेल टैंकर पर वेल्डिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक तेज धमाका हुआ। हादसे में फैक्टरी कर्मचारी साजिद और संदीप घायल हो गए। साजिद को गंभीर चोट आने पर एंबुलेंस से मेरठ भेजा गया, जबकि संदीप को नजदीकी निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया।हादसे के बाद फैक्टरी प्रबंधन की ओर से घायलों के उपचार की व्यवस्था की गई। हालांकि घटना की सूचना पुलिस को समय से दिए जाने को लेकर भी सवाल उठे हैं। घटना की जानकारी मिलने पर सदर एसडीएम सचिन राजपूत मौके पर पहुंचे और फैक्टरी का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रबंधन से हादसे की जानकारी लेने के साथ दोनों घायलों की स्थिति के बारे में भी जानकारी जुटाई। फैक्टरी के लाइसेंस और अन्य आवश्यक दस्तावेज भी मांगे गए हैं।प्रशासन ने वेल्डिंग के दौरान अपनाई गई सुरक्षा व्यवस्था और बरती गई सावधानियों की जानकारी भी ली। टैंकर में विस्फोट किन परिस्थितियों में हुआ और सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी।