सहारनपुर। रामपुर मनिहारान क्षेत्र में वन विभाग के कार्यालय में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक लकड़ी ठेकेदार ने जहरीला पदार्थ खा लिया। ठेकेदार ने विभागीय अधिकारियों पर परेशान करने और एक लाख रुपये मांगने का आरोप लगाया है। उसकी हालत बिगड़ने पर उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।बताया गया कि संभलहेड़ी निवासी ठेकेदार वन विभाग के कार्यालय पहुंचा था। उसका आरोप है कि बाग में पेड़ों के कटान से जुड़े मामले को लेकर विभागीय कार्रवाई की जा रही थी और उससे पैसों की मांग की जा रही थी। ठेकेदार का यह भी कहना है कि विभागीय कार्रवाई के कारण वह लगातार परेशान था। इसी दौरान उसने कार्यालय में जहरीला पदार्थ खा लिया।घटना के बाद विभागीय अधिकारियों में भी खलबली मच गई। ठेकेदार को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे उच्च केंद्र के लिए रेफर किए जाने की जानकारी है।वहीं वन विभाग ने ठेकेदार के रिश्वत मांगने के आरोपों को निराधार बताया है। रामपुर रेंज की रेंज अधिकारी वैशाली चौधरी के अनुसार संबंधित मामले में एसडीओ वीरेंद्र सिंह रावत की ओर से कार्रवाई की गई थी। बाग में नियमों के विपरीत पेड़ों का कटान पाए जाने पर नियमानुसार जुर्माना लगाया गया था।विभाग के अनुसार इसी कार्रवाई से नाराज होकर ठेकेदार ने कार्यालय में हंगामा किया और बाद में जहरीला पदार्थ खा लिया। मामले में ठेकेदार की ओर से लगाए गए आरोपों और वन विभाग के पक्ष के बीच विरोधाभास है। ऐसे में पूरे घटनाक्रम की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group