मुजफ्फरनगर। भौराकलां गांव में शिव मंदिर के पुजारी स्वामी देवानंद भारती की हत्या के मामले में पुलिस ने पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, बेटे के जन्म को लेकर की गई भविष्यवाणी गलत साबित होने के बाद आरोपितों की पुजारी से अनबन हो गई थी। इसी विवाद ने ऐसी रंजिश का रूप ले लिया, जिसका अंत पुजारी की हत्या के रूप में हुआ। पुलिस ने आरोपितों के पास से वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल, दो तमंचे और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।13 अक्टूबर को भौराकलां स्थित शिव मंदिर के पुजारी स्वामी देवानंद भारती की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमों का गठन किया था।पुलिस टीमों ने घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने के साथ तकनीकी सूचनाओं के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। यक्ष ऐप से प्राप्त जानकारी भी आरोपितों तक पहुंचने में मददगार बनी। इसके बाद पुलिस ने गांव भौराकलां निवासी जीशान और उसके पिता हाशिम को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में सामने आया कि पुजारी ने आरोपितों को बेटा होने की भविष्यवाणी की थी, लेकिन उनकी यह बात सही नहीं निकली। इसी को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस का दावा है कि आरोपितों ने पुजारी की हत्या की साजिश रची। इसके अलावा, उनका पड़ोसी हरेंद्र से भी विवाद चल रहा था। आरोपित कथित तौर पर पुजारी की हत्या के मामले में हरेंद्र को फंसाना चाहते थे। पुलिस इसी मंशा को भी वारदात की साजिश से जोड़कर देख रही है।पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से एक ग्लैमर मोटरसाइकिल, 315 बोर के दो तमंचे और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक ने मामले के संबंध में जानकारी दी। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।