मुजफ्फरनगर। जानसठ तहसील में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न समस्याओं को लेकर फरियादी पहुंचे। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गम्भीर सिंह ने लोगों की शिकायतें सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके निस्तारण में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।तहसील सभागार में आयोजित समाधान दिवस के दौरान बिजली, भूमि विवाद, राशन कार्ड, पेंशन, सड़क, नगर निकाय, शिक्षा, समाज कल्याण और पुलिस प्रशासन समेत विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं सामने आईं। इसके अलावा राजस्व, श्रम और खनन विभाग से संबंधित शिकायतें भी अधिकारियों के समक्ष रखी गईं।एडीएम गम्भीर सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों को केवल कागजों तक सीमित न रखा जाए, बल्कि उनकी वास्तविक स्थिति जानने के लिए जरूरत पड़ने पर मौके पर जाकर जांच की जाए। शिकायतकर्ता को राहत दिलाना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों का समाधान संभव है, उनमें अनावश्यक देरी न की जाए। वहीं, जिन शिकायतों का निस्तारण किसी कारण से नहीं हो सकता, उनके संबंध में शिकायतकर्ता को स्पष्ट जानकारी दी जाए।उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी तरह की शिथिलता मिलने पर इसे गंभीरता से लिया जाएगा।समाधान दिवस में एसडीएम जानसठ रश्मि लांबा, तहसीलदार मोनिका चौहान, क्षेत्राधिकारी जानसठ और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।