मुजफ्फरनगर। शहर में चोरी की एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसमें दुकान के बाहर रखा सामान ही चोरों के निशाने पर आ गया। रुड़की रोड पर ग्रीन एप्पल होटल के पास कपड़ों की दुकान के बाहर रखे दो गट्ठर ई-रिक्शा सवार दो लोग चोरी कर ले गए। चोरी हुए कपड़ों की कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।जानकारी के अनुसार, दुकानदार ने दिल्ली से कपड़ों की खेप मंगाई थी। ट्रांसपोर्टर कपड़ों के दो गट्ठर लेकर पहुंचा और शनिवार तड़के करीब चार बजे उन्हें दुकान के बाहर रखकर चला गया। सुबह दुकानदार दुकान पर पहुंचा तो दोनों गट्ठर गायब मिले। काफी तलाश करने के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं लगा तो दुकानदार ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी।फुटेज में दो लोग ई-रिक्शा से दुकान के बाहर पहुंचते दिखाई दिए। दोनों ने वहां रखे कपड़ों के गट्ठर उठाए और ई-रिक्शा में रखकर फरार हो गए। चोरों ने दुकान के अंदर जाने के बजाय बाहर रखे सामान को निशाना बनाया। घटना की जानकारी सामने आने के बाद सीसीटीवी फुटेज भी चर्चा में आ गई।दुकान के बाहर से इस तरह सामान चोरी होने से व्यापारियों की चिंता बढ़ गई है। हालांकि, आरोपियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के संबंध में अभी कोई पुष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।