बागपत। जिले से बाहर रहने का आदेश भी पुष्पेंद्र उर्फ शिकारी को नहीं रोक सका। जिला बदर होने के बावजूद उसके वापस लौटने की सूचना पुलिस तक पहुंची तो टीम ने उसके घर पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।बागपत कोतवाली पुलिस के अनुसार, मितली गांव निवासी पुष्पेंद्र उर्फ शिकारी के खिलाफ चार आपराधिक मामले दर्ज हैं। आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए उसे गुंडा एक्ट के तहत जिला बदर किया गया था। उसे निर्धारित अवधि तक जिले से बाहर रहना था, लेकिन पुलिस को जानकारी मिली कि वह समय पूरा होने से पहले ही वापस लौट आया है।पुलिस को यह भी सूचना मिली कि आरोपी किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी। पुलिस अधीक्षक पूर्णेंदु सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के दौरान मुखबिर से आरोपी के घर पर मौजूद होने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।कोतवाली प्रभारी मनोज चाहल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों पर अंकुश लगाने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group