मुजफ्फरनगर। दूसरे राज्यों से चारपहिया वाहन चोरी कर उनकी पहचान छिपाने वाले गिरोह का बुढ़ाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तीन कारें बरामद की हैं। इनमें महिंद्रा थार, मारुति ब्रेजा और स्विफ्ट शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी चोरी की गाड़ियों के चेसिस नंबर में छेड़छाड़ कर उन्हें बेचने की तैयारी में थे।पुलिस के मुताबिक, 20 अक्टूबर को सूचना मिली कि बुढ़ाना क्षेत्र में योगपुरा रोड स्थित बंद बस अड्डे के पीछे कुछ संदिग्ध लोग चोरी की गाड़ियों के साथ मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दो आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर तीनों कारें बरामद की गईं।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देहरादून निवासी अंकित कुमार और शुभम चौधरी के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी चोरी के वाहनों की असली पहचान छिपाने के लिए चेसिस नंबर में बदलाव करते थे। इसके बाद फर्जी नंबर प्लेट लगाकर गाड़ियों को बेचने का प्रयास किया जाता था।जांच में सामने आया कि बरामद कारों में एक मारुति ब्रेजा नोएडा क्षेत्र से चोरी की गई थी, जबकि महिंद्रा थार के चंडीगढ़ के निकट जीरकपुर से चोरी होने की जानकारी मिली है। बरामद स्विफ्ट कार के संबंध में भी पुलिस जानकारी जुटा रही है। संबंधित स्थानों पर दर्ज वाहन चोरी के मामलों से गाड़ियों का मिलान किया जा रहा है।पुलिस आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच करने के साथ यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं। इसके अलावा चोरी के वाहनों को कहां बेचा जाना था और अब तक कितनी वारदातों को अंजाम दिया गया, इसकी भी पड़ताल की जा रही है।यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय के पर्यवेक्षण तथा पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में बुढ़ाना पुलिस ने की। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group