मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना क्षेत्र में ट्यूबवेलों से चोरी करने वाले आरोपियों की पुलिस से मुठभेड़ हो गई। बुढ़ाना-कांधला मार्ग पर काऊन स्कूल के पास हुई इस घटना में एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि पुलिस ने घेराबंदी कर उसके दो अन्य साथियों को भी पकड़ लिया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।पुलिस के अनुसार, बुढ़ाना पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध बदमाश काऊन स्कूल के पास मौजूद हैं। कोतवाली प्रभारी शुभम अग्निहोत्री पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने पुलिस को देखकर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें सलीम नाम का आरोपी गोली लगने से घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने आसपास के गन्ने के खेतों में तलाशी अभियान चलाकर लवकुश और सरताज को भी गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से एक बाइक, तमंचा और ट्यूबवेलों से चोरी किए गए उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, सलीम और लवकुश गांव निराना, जबकि सरताज गांव मंसूरपुर का रहने वाला है। आरोपियों के खिलाफ 30 से अधिक मुकदमे दर्ज होने की जानकारी दी गई है।कोतवाली प्रभारी शुभम अग्निहोत्री ने बताया कि पुलिस टीम चेकिंग के दौरान बदमाशों तक पहुंची थी। मुठभेड़ के बाद तीनों आरोपियों को पकड़ लिया गया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में जानकारी जुटा रही है।