मुजफ्फरनगर। रोजगार की तलाश में घर से निकली सहारनपुर की एक महिला के साथ शोषण का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि नौकरी दिलाने का भरोसा देकर महिला को मुजफ्फरनगर लाया गया और दिल्ली-देहरादून हाईवे स्थित एक होटल में करीब 10 दिनों तक बंधक बनाकर रखा गया। महिला को कथित तौर पर गलत काम करने के लिए मजबूर करने का भी प्रयास किया गया।महिला के होटल में रोके जाने की जानकारी मिलने पर हिंदूवादी संगठन के कुछ कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। उन्होंने महिला को होटल से बाहर निकलवाया। बाहर आने के बाद महिला ने अपनी आपबीती सुनाई और बताया कि उसे नौकरी का झांसा देकर यहां लाया गया था। इसके बाद उसे अपनी मर्जी से बाहर जाने तक नहीं दिया जा रहा था।महिला को मुक्त कराने की घटना होटल में लगे सीसीटीवी और मौके पर मौजूद लोगों के वीडियो के बीच चर्चा का विषय बन गई। शुक्रवार शाम करीब पांच बजे महिला को बाहर निकाला गया, जबकि देर रात घटना का वीडियो भी सामने आया। संगठन के लोगों ने मामले की जांच कराने, होटल को सील करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।