मुजफ्फरनगर। रतनपुरी थाना क्षेत्र में खतौली-बुढ़ाना मार्ग पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार एक ही परिवार के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में पिता, उनकी 14 वर्षीय बेटी और आठ वर्षीय भांजी को चोटें आईं। तीनों को प्राथमिक उपचार के बाद मेरठ रेफर कर दिया गया।गांव उकावली निवासी अशोक अपनी बेटी तनीषा और भांजी चिंकी के साथ बाइक से जा रहे थे। दयालपुरी स्थित सहज पब्लिक स्कूल के पास सामने से आ रही कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही तीनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।सूचना मिलने पर रतनपुरी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस से खतौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए तीनों को मेरठ के हायर सेंटर रेफर कर दिया।हादसे में बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी जुटाई। दुर्घटना के बाद परिवार में चिंता का माहौल है। घायलों के स्वास्थ्य को लेकर परिजन परेशान हैं।