सहारनपुर। गंगोह क्षेत्र में एक विवाहिता के साथ कथित रूप से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि नशे का कारोबार छोड़ने की बात कहने पर पति ने अपने पिता के साथ मिलकर पत्नी को फांसी लगाकर मारने का प्रयास किया। विरोध करने पर महिला को डंडों से पीटा गया। शोर सुनकर पहुंचे पड़ोसियों ने किसी तरह उसे बचाया।रामपुर थाना क्षेत्र के गांव तुरमतखेड़ी निवासी रुकमुद्दीन ने चार नवंबर को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी नगमा की शादी करीब छह-सात महीने पहले गंगोह क्षेत्र के गांव तताहेड़ी निवासी जुबैर के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही जुबैर पत्नी के साथ मारपीट करता था।पीड़िता के पिता के मुताबिक, जुबैर कथित तौर पर स्मैक और चरस बेचने का काम करता है। नगमा उसे इस काम को छोड़ने के लिए कहती थी। इसी बात को लेकर घर में विवाद होता था। आरोप है कि तीन नवंबर की रात जुबैर ने अपने पिता मुकरीम के साथ मिलकर नगमा को फांसी लगाकर मारने की कोशिश की। इसके बाद दोनों ने उसके साथ डंडों से मारपीट की।महिला की चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और उसे बचाया। पीड़िता के पिता ने आरोपियों से बेटी की जान को खतरा बताते हुए सुरक्षा और मेडिकल परीक्षण कराने की मांग की है। उन्होंने नशे के कथित कारोबार की जांच कर कार्रवाई करने की भी मांग उठाई है।पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति जुबैर और उसके पिता मुकरीम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एसआई संजय कुमार कर रहे हैं।