मेरठ। दो भाइयों के बीच चल रहे झगड़े को शांत कराने पहुंची पुलिस टीम पर ही हमला कर दिया गया। पल्हवपुरम थाना क्षेत्र की व्यास वाटिका में रविवार दोपहर हुई घटना में एक युवक ने तलवार से हेड कांस्टेबल हरेंद्र पर वार कर दिया। हमले में उनका हाथ कट गया। घायल पुलिसकर्मी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।पुलिस के अनुसार राकेश पुत्र प्रेम सिंह ने सूचना दी थी कि उसका भाई अमरजीत उसके साथ मारपीट कर रहा है। सूचना मिलने पर PRV-5872 पर तैनात पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पूछताछ के लिए अमरजीत को बुलाया। इसी दौरान आरोपी ने तलवार निकालकर हेड कांस्टेबल हरेंद्र पर हमला कर दिया। हरेंद्र ने बचाव में हाथ आगे किया, लेकिन तलवार लगने से उनका हाथ कट गया।हमले के बाद पुलिसकर्मियों ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह अपने घर में घुस गया और गेट बंद कर लिया। काफी देर तक उसने गेट नहीं खोला। इसके बाद घायल पुलिसकर्मी को निजी अस्पताल पहुंचाया गया और थाने को सूचना दी गई।पुलिस ने देर रात कार्रवाई करते हुए आरोपी अमरजीत को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।