सहारनपुर। दिवाली बोनस के पैसों को लेकर शुरू हुआ विवाद एक व्यक्ति की मौत का कारण बन गया। देवबंद क्षेत्र में ईंट भट्ठे पर काम करने वाले दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद जमकर मारपीट हुई। घटना में 55 वर्षीय सोमपाल की जान चली गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने मृतक के बेटे की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।जानकारी के अनुसार, गांव जड़ौदपुर निवासी सोमपाल पिछले करीब दस वर्षों से रसूलपुर खेड़ी के पास एक ईंट भट्ठे पर चौकीदार का काम कर रहे थे। उनका भतीजा सोनू भी वहीं काम करता था। बताया गया है कि दिवाली पर मिलने वाले करीब दस हजार रुपये के बोनस को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। सोमवार रात इसी बात को लेकर फिर कहासुनी हो गई।आरोप है कि सोनू अपने तीन साथियों के साथ भट्ठे पर पहुंचा और सोमपाल के साथ विवाद करने लगा। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। इस दौरान अन्य लोगों को भी मौके पर बुला लिया गया। दोनों पक्षों के बीच हुए झगड़े में कई लोग घायल हो गए।आरोप है कि मारपीट के बाद सोमपाल को कार में डालकर ले जाया जा रहा था। रास्ते में पिलखनी बस स्टैंड के पास कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार पांच लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार से सोमपाल का शव बरामद किया। घटना के बाद परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।मृतक के बेटे अजय ने सोनू, अक्षय, अमन और नितिन के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने चारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मारपीट और कार दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।