मुजफ्फरनगर। जिले में बैंक और वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय के निर्देश पर जिलेभर में विशेष अभियान चलाकर बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने बैंक परिसरों से लेकर आसपास के क्षेत्रों तक निरीक्षण किया और सुरक्षा से जुड़े इंतजामों को परखा।अभियान के तहत सभी सर्किल, थाना और चौकी क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने अपने-अपने इलाकों में स्थित बैंकों का दौरा किया। पुलिस ने बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों, अलार्म सिस्टम और अन्य सुरक्षा उपकरणों की स्थिति देखी। साथ ही बैंक के आसपास की गतिविधियों पर भी नजर रखी गई, ताकि किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की समय रहते पहचान की जा सके।पुलिस अधिकारियों ने बैंक प्रबंधकों और सुरक्षा गार्डों से बातचीत कर सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। उन्हें निर्देश दिए गए कि बैंक में आने-जाने वाले लोगों पर नजर रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे चालू रखने और सुरक्षा उपकरणों को दुरुस्त रखने पर भी जोर दिया गया।पुलिस टीमों ने बैंक परिसरों के बाहर खड़े वाहनों और आसपास के इलाकों का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सुरक्षा में लापरवाही न बरतने की हिदायत दी। पुलिस का उद्देश्य बैंक में आने वाले ग्राहकों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना और लूट, चोरी तथा टप्पेबाजी जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाना है। एसएसपी के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान के जरिए पुलिस ने बैंक प्रबंधन और सुरक्षा कर्मियों को भी सतर्क रहने का संदेश दिया।