बागपत। शहर के वंदना चौक पर मंगलवार दोपहर एक कार सवार युवक ने ट्रैक्टर चालक के साथ मारपीट कर दी। युवक पहले चालक से गाली-गलौज करता रहा, फिर कार से उतरकर उस पर थप्पड़ों की बरसात कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।घटना दोपहर के समय शहर कोतवाली क्षेत्र में हुई। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, सफेद कार से पहुंचे युवक की ट्रैक्टर चालक से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर युवक ने सड़क पर ही चालक को पीटना शुरू कर दिया। वायरल वीडियो में युवक करीब 24 सेकंड तक चालक को थप्पड़ मारते और उसका हाथ मरोड़ते दिखाई दे रहा है।मारपीट के दौरान ट्रैक्टर चालक खुद को बचाने के लिए लोगों से मदद मांगता रहा। मौके पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी और स्थानीय लोग भी मौजूद थे। घटना में ट्रैक्टर चालक घायल हो गया। हालांकि, विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।वीडियो सामने आने के बाद पुलिस आरोपी की पहचान करने में जुट गई है। कोतवाली प्रभारी मनोज चाहल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।