मेरठ। गंगा एक्सप्रेसवे पर मंगलवार दोपहर एक चलती एंबुलेंस में आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की चपेट में आने से एंबुलेंस में रखे ऑक्सीजन और सीएनजी सिलेंडरों में एक के बाद एक धमाके हुए। धमाकों की तीव्रता से एंबुलेंस उछलकर सड़क पर पलट गई। कुछ ही देर में पूरी गाड़ी आग की लपटों में घिर गई। गनीमत रही कि घटना के समय एंबुलेंस में कोई मरीज नहीं था।घटना मुंडाली थाना क्षेत्र में गांव अतराड़ा के पास मंगलवार दोपहर करीब 2:15 बजे हुई। एंबुलेंस मेरठ से गढ़ की ओर जा रही थी। इसी दौरान अचानक उसकी वायरिंग में आग लग गई। चालक ने धुआं और लपटें उठती देख वाहन को सड़क किनारे रोक दिया और बाहर निकल आया। इसके बाद आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया।आग एंबुलेंस में रखे ऑक्सीजन सिलेंडर और सीएनजी टैंक तक पहुंच गई। कुछ ही देर में दोनों में जोरदार धमाके हुए। धमाकों से वाहन पलट गया और पूरी एंबुलेंस जलकर कबाड़ हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने चालक और परिचालक को बचाने में मदद की। समय रहते वाहन रुकने से बड़ा हादसा टल गया।सूचना मिलने पर मुंडाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। समाचार के अनुसार, कुछ देर बाद चालक मौके से चला गया। पुलिस एंबुलेंस में आग लगने के कारणों और सिलेंडरों की स्थिति की जांच कर रही है। घटना के चलते एक्सप्रेसवे पर कुछ समय तक लोगों की आवाजाही भी प्रभावित रही।