मुजफ्फरनगर। शादी में 10 लाख रुपये नकद दिए जाने के बाद भी विवाहिता को ससुराल में प्रताड़ना से राहत नहीं मिली। महिला ने पति और उसके परिवार के पांच अन्य सदस्यों पर अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उत्पीड़न करने, मारपीट करने और जान से मारने की कोशिश करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत के आधार पर महिला थाना पुलिस ने पति समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।गांधी नगर क्षेत्र की महावीर रॉयल सोसाइटी निवासी युवती का विवाह 10 फरवरी 2026 को देहरादून निवासी शुभम गुप्ता के साथ हुआ था। विवाह समारोह उत्तराखंड के जिम कॉर्बेट स्थित एक रिसोर्ट में आयोजित किया गया था। पीड़िता के परिवार का दावा है कि शादी में करीब 60 लाख रुपये खर्च किए गए थे। इसके बावजूद ससुराल पक्ष की ओर से 35 लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग की जाने लगी।महिला का आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया गया। उसके साथ मारपीट की गई और भोजन तक नहीं दिया जाता था। बेटी की परेशानी देखकर पिता ने पहली होली के अवसर पर ससुराल पहुंचकर पति को 10 लाख रुपये नकद दिए। कुछ समय तक स्थिति सामान्य रही, लेकिन बाद में फिर 25 लाख रुपये की मांग किए जाने का आरोप है।पीड़िता के मुताबिक, पति उसे लद्दाख घूमने के बहाने अपने साथ ले गया। यात्रा से पहले उसने करीब 35 से 36 लाख रुपये के सोने, चांदी और हीरे के आभूषण सास-ससुर के पास सुरक्षित रख दिए थे। आरोप है कि 15 मई 2026 को लद्दाख पहुंचने के बाद पति से विवाद हुआ। इसी दौरान पति ने कथित तौर पर उसका गला दबाकर जान लेने की कोशिश की। महिला ने साथ मौजूद लोगों को घटना बताई, लेकिन आरोप है कि उन्होंने भी उसका साथ देने के बजाय समझौते का दबाव बनाया।लद्दाख से लौटने के बाद भी दोनों के बीच विवाद समाप्त नहीं हुआ। महिला ने अपने परिजनों के साथ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत की। एसएसपी के निर्देश पर महिला थाना पुलिस ने पति शुभम गुप्ता, ससुर रमेश चंद गुप्ता, सास निशा गुप्ता, देवर ईशान गुप्ता, सुगंधा गर्ग और निखिल गुप्ता के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group