मुजफ्फरनगर। मंसूरपुर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से साइकिल सवार बुजुर्ग की जान चली गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे मृतक के बेटे ने अपने साथी की मदद से ट्रक चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। चालक पर शराब के नशे में वाहन चलाने का आरोप है।गांव घासीपुरा निवासी रामबीर सिंह साइकिल से अपने खेत की ओर जा रहे थे। भगतजी रेस्टोरेंट के सामने पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी साइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिर पड़े और गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।इसी दौरान उनका बेटा अरविंद सैनी अपने साथी रोहित के साथ मंसूरपुर से गांव लौट रहा था। घटनास्थल पर भीड़ देखकर दोनों रुके तो वहां अरविंद के पिता का शव पड़ा मिला। हादसे के बाद दोनों ने ट्रक चालक को मौके से पकड़ लिया। चालक की पहचान सहारनपुर जिले के तितरो थाना क्षेत्र के गांव मेंहगी निवासी रहीस अहमद के रूप में हुई।अरविंद ने मंसूरपुर थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की तहरीर दी। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। चालक पर नशे की हालत में वाहन चलाने का आरोप है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।