बागपत। पुलिस की वर्दी में कानून व्यवस्था संभालने वाली महिला पुलिसकर्मियों ने खेल के मैदान में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। बागपत पुलिस की दो महिला कर्मियों ने अलग-अलग खेल प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया। उनकी उपलब्धियों पर पुलिस अधीक्षक पूरन सिंह ने दोनों को सम्मानित कर हौसला बढ़ाया।महिला आरक्षी बेबी ने सितंबर 2026 में पुलिस लाइंस सहारनपुर में आयोजित 29वीं अंतरजनपदीय मेरठ जोन एथलेटिक्स क्लस्टर प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था। उन्होंने ऊंची कूद और एथलेटिक्स स्पर्धा में प्रथम स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा दिखाई। इसके बाद अक्टूबर में लखनऊ की 35वीं वाहिनी पीएसी में आयोजित 74वीं उत्तर प्रदेश पुलिस वार्षिक एथलेटिक्स क्लस्टर प्रतियोगिता में मेरठ जोन की टीम की ओर से प्रतिभाग किया। इस प्रतियोगिता की ऊंची कूद स्पर्धा में उन्होंने तीसरा स्थान प्राप्त किया।वहीं महिला मुख्य आरक्षी रचना ने भी कुश्ती और आर्म रेसलिंग में अपनी ताकत का प्रदर्शन किया। उन्होंने फरवरी 2026 में सहारनपुर स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर मिनी स्टेडियम में आयोजित अंतरजनपदीय पुलिस कुश्ती क्लस्टर प्रतियोगिता में 70 किलोग्राम भारवर्ग की आर्म रेसलिंग स्पर्धा में पहला स्थान हासिल किया।दोनों महिला पुलिसकर्मियों की सफलता पर पुलिस अधीक्षक पूरन सिंह ने उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि खेल प्रतियोगिताओं में महिला पुलिसकर्मियों की उपलब्धियां विभाग के लिए गर्व की बात हैं। उन्होंने दोनों को आगे भी इसी मेहनत और लगन के साथ बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया।