सहारनपुर। शादी की खुशियों के बीच उस समय मातम छा गया, जब समारोह में शामिल होने आए सेना के जवान की अचानक मौत हो गई। डीजे पर नाचते समय जवान की तबीयत बिगड़ गई और वह जमीन पर गिर पड़े। परिजन उन्हें उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जवान की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।नागल क्षेत्र के पनियाली कासिमपुर गांव निवासी दुष्यंत कुमार भारतीय सेना में क्लर्क के पद पर तैनात थे। पांच नवंबर को वह छुट्टी लेकर अपने चाचा रामपाल के बेटे देवकरण की शादी में शामिल होने गांव आए थे। मंगलवार रात कस्बे के एक बैंक्वेट हॉल में विवाह समारोह चल रहा था। परिवार और रिश्तेदार जश्न में शामिल थे। इसी दौरान दुष्यंत भी डीजे पर नाचने लगे।नाचते हुए अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और वह बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़े। परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान जवान की मौत हो गई। शुरुआती तौर पर हृदय गति रुकने को मौत की वजह माना जा रहा है।दुष्यंत अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। उनके पिता आजाद वीर ने बेटे को पढ़ा-लिखाकर सेना में भर्ती कराया था। करीब पांच साल पहले दुष्यंत की शादी हुई थी। उनकी कोई संतान नहीं थी। इकलौते बेटे की अचानक मौत से माता-पिता और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।परिजनों के मुताबिक दुष्यंत वर्ष 2012 में सेना के ऑर्डिनेंस विभाग में क्लर्क के पद पर भर्ती हुए थे। करीब 14 वर्षों से वह देश की सेवा कर रहे थे। जवान की मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। उनके पार्थिव शरीर को सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। अंतिम दर्शन के लिए ग्रामीणों और क्षेत्र के लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group