मुजफ्फरनगर। सर्द मौसम में घने कोहरे के चलते सड़कों पर हादसों का खतरा बढ़ने लगा है। मीरापुर क्षेत्र में सिखरेड़ा फ्लाईओवर के निकट कम दृश्यता के कारण दिल्ली जा रही एक कार सड़क पर रखे सीमेंट के अवरोधक से टकरा गई। टक्कर से कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि दुर्घटना के दौरान एयरबैग खुल गए, जिससे कार सवार चालक और यात्री सुरक्षित बच गए।जानकारी के अनुसार, किस्तपुर निवासी शुभम रंधर की कार ब्रह्म सिंह चला रहे थे। वह दिल्ली एयरपोर्ट से अमेरिका से आए एक मेहमान को लेकर दिल्ली जा रहे थे। इसी दौरान फ्लाईओवर के पास अचानक घना कोहरा छा गया। सड़क पर दृश्यता बेहद कम होने के कारण चालक को आगे बना सीमेंट का अवरोधक दिखाई नहीं दिया और कार उससे जा भिड़ी।टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के समय कार के एयरबैग खुलने से चालक और उसमें सवार यात्री की जान बच गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।बताया गया कि घने कोहरे के कारण आसपास के क्षेत्र में कुछ अन्य वाहन भी आपस में टकरा गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य कराया। हादसों के बाद कुछ समय तक इलाके में वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही।