बागपत। पुरामहादेव गांव में पारिवारिक विवाद के बीच नौ माह की मासूम बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बच्ची की हालत बिगड़ने पर पिता उसे लेकर अस्पताल पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों के प्रयासों से पहले ही उसकी सांसें थम गईं। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने बच्ची की मां को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।गांव निवासी गौरव (35) की शादी करीब तीन साल पहले मेरठ के राधना गांव की डॉली के साथ हुई थी। बताया गया है कि दंपती के बीच अक्सर घरेलू बातों को लेकर विवाद होता रहता था। बुधवार को भी दोनों के बीच किसी बात पर कहासुनी हुई। शाम को डॉली अपनी नौ माह की बेटी विशेष उर्फ आराध्य को घर पर छोड़कर चली गई।बच्ची की तबीयत बिगड़ने पर गौरव उसे लेकर बालैनी स्थित अस्पताल पहुंचे। चिकित्सकों ने गंभीर हालत देखते हुए उसे मेरठ रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही बच्ची की मौत हो गई। मासूम की मौत की खबर मिलते ही घर में मातम पसर गया।सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मां को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। सीओ रोहन चौरसिया ने बताया कि पति-पत्नी के बीच विवाद की बात सामने आई है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और परिवार की ओर से अभी कोई शिकायत नहीं मिली है।बच्ची की मौत की सूचना पर बुधवार शाम एएसपी भी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।