बागपत। सड़क हादसों पर लगाम लगाने के लिए बागपत में परिवहन विभाग ने नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। सड़क सुरक्षा पखवाड़े के तहत बुधवार को एआरटीओ की टीम ने विशेष चेकिंग अभियान चलाकर शराब पीकर वाहन चलाने और ओवरलोडिंग करने वालों पर कार्रवाई की। अभियान के दौरान सात वाहनों को सीज किया गया, जबकि 1.70 लाख रुपये का जुर्माना भी वसूला गया।एआरटीओ विपिन कुमार के नेतृत्व में टीम ने शाम करीब आठ बजे तक विभिन्न स्थानों पर वाहनों की जांच की। इस दौरान शराब के नशे में वाहन चलाने वाले चार चालकों के वाहन सीज किए गए। वहीं, निर्धारित क्षमता से अधिक भार लेकर चल रहे तीन वाहनों को भी कार्रवाई की जद में लिया गया।जिलाधिकारी दिव्यांशु पटेल के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं को रोकना और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराना है। अधिकारियों ने वाहन चालकों को हिदायत दी कि शराब का सेवन कर वाहन न चलाएं और गाड़ियों में निर्धारित सीमा से अधिक भार न लादें। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।