गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार प्रातः गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में विभिन्न जनपदों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। लगातार दूसरे दिन आयोजित इस जनसुनवाई में बड़ी संख्या में फरियादी पहुंचे, जिनसे मुख्यमंत्री ने स्वयं मुलाकात कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली।महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित कार्यक्रम में भूमि विवाद, चिकित्सा सहायता, आर्थिक परेशानी तथा सरकारी योजनाओं से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को बिना किसी भेदभाव के न्याय मिलना चाहिए और पात्र लोगों तक शासन की योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचना चाहिए।जनसुनवाई के दौरान एक महिला ने अपनी कमजोर आर्थिक स्थिति का उल्लेख करते हुए पुत्री के विवाह के लिए सहायता की मांग की। इस पर मुख्यमंत्री ने सामूहिक विवाह योजना की जानकारी देते हुए अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही पूरी कर लाभ दिलाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के आश्वासन से महिला के चेहरे पर संतोष दिखाई दिया।गंभीर बीमारियों से पीड़ित कई लोगों ने उपचार के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लगाई। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि धन के अभाव में किसी जरूरतमंद का उपचार नहीं रुकना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि रोगियों के उपचार का अनुमानित व्यय शीघ्र तैयार कर शासन को भेजा जाए, ताकि समय रहते सहायता उपलब्ध कराई जा सके।भूमि कब्जे और कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों पर भी मुख्यमंत्री ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भू-माफियाओं और दबंग प्रवृत्ति के लोगों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाए तथा आम नागरिकों की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन की प्राथमिकता जनता को त्वरित न्याय और राहत उपलब्ध कराना है। जनसुनवाई जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों की समस्याओं का सीधे समाधान कराने का प्रयास लगातार जारी रहेगा।