मेरठ। पुश्तैनी मकान के बंटवारे को लेकर चल रहा पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र की अमर गार्डन कॉलोनी में बड़े भाई ने अपने ही छोटे भाई पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। वारदात के बाद आरोपी शव को घर के बाहर सड़क पर फेंककर फरार हो गया, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
घटना सुबह के समय उस वक्त हुई जब परिवार के भीतर संपत्ति के हिस्से को लेकर कहासुनी शुरू हुई। मृतक की पहचान बंटी के रूप में हुई है, जो मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। वह अपनी पत्नी मोनी और बारह वर्षीय बेटी वंशिका के साथ पुश्तैनी मकान में रहता था। बताया गया है कि मकान के बंटवारे को लेकर बंटी और उसके बड़े भाई दिनेश के बीच लंबे समय से तनाव चला आ रहा था। कई बार पंचायत भी हुई, लेकिन विवाद सुलझ नहीं पाया।
गुरुवार सुबह दोनों भाइयों के बीच कहासुनी अचानक उग्र हो गई। आरोप है कि दिनेश ने गुस्से में आकर किसी भारी वस्तु से बंटी पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से बंटी लहूलुहान होकर गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मृत्यु हो गई। इसके बाद आरोपी ने शव को घर से बाहर सड़क पर डाल दिया और मौके से फरार हो गया। सुबह जब लोगों ने खून से सना शव देखा तो क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। क्षेत्राधिकारी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी पहुंचे तथा साक्ष्य एकत्र किए गए। शव को परीक्षण के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर पर आरोपी के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।
घटना के बाद मृतक की पत्नी और बेटी का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Join WhatsApp Group