मुजफ्फरनगर में व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर रिजर्व पुलिस लाइन सभागार में एक महत्वपूर्ण व्यापारी सुरक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता इन्दु सिद्धार्थ, पुलिस अधीक्षक अपराध ने की। इस दौरान व्यापार मंडल के पदाधिकारी, नगर क्षेत्र के थाना प्रभारी, उपनिरीक्षक, पीडब्ल्यूडी, विद्युत विभाग तथा यातायात विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
गोष्ठी में पुलिस अधीक्षक अपराध ने व्यापारियों से सीधा संवाद करते हुए उनकी समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना। उन्होंने कहा कि जनपद पुलिस व्यापारियों और आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा अपराधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि व्यापारियों की शिकायतों का त्वरित एवं विधिक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में प्रतिष्ठानों पर उच्च गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे लगाने, कैमरों की सही दिशा सुनिश्चित करने, बाजारों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था रखने तथा सामूहिक रूप से सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था करने पर बल दिया गया। नगदी के परिवहन से पूर्व स्थानीय पुलिस को सूचना देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत जानकारी देने की अपील की गई। साथ ही व्यापारियों को साइबर फ्रॉड और ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय बताते हुए हेल्पलाइन 1930 के उपयोग के प्रति जागरूक किया गया।
आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु बाजारों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने, अवैध या हानिकारक रंगों की बिक्री रोकने तथा ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग नियमानुसार करने के निर्देश दिए गए। अंत में व्यापार मंडल अध्यक्ष शलभ गुप्ता ने अधिकारियों को गुलाल व मिष्ठान भेंट कर सौहार्द का संदेश दिया।
