मुजफ्फरनगर। आगामी जनगणना–2027 को सुव्यवस्थित एवं समयबद्ध रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला पंचायत सभागार में एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (वि० एवं राजस्व) गजेन्द्र कुमार ने की। प्रशिक्षण सत्र में जनगणना कार्य से जुड़े समस्त चार्ज अधिकारी, उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, खंड शिक्षा अधिकारी तथा नामित जनगणना सहायकों ने सहभागिता की।
प्रशिक्षण में जनगणना निदेशालय से आए अधिकारियों — आशुतोष कुमार, गौरव कुमार एवं ज्योति नामदेव — ने जनगणना की संपूर्ण प्रक्रिया, उद्देश्य एवं नवीन तकनीकी प्रावधानों पर विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि जनगणना–2027 देश की जनसंख्या, सामाजिक-आर्थिक स्थिति, आवासीय दशा, साक्षरता दर, रोजगार की स्थिति एवं अन्य महत्वपूर्ण आंकड़ों के संकलन का व्यापक राष्ट्रीय अभियान है, जिसके आधार पर सरकारी नीतियों और योजनाओं का निर्माण किया जाता है।
प्रशिक्षण के दौरान प्रपत्रों को त्रुटिरहित भरने, डिजिटल माध्यमों के प्रभावी उपयोग, हाउस लिस्टिंग एवं जनसंख्या गणना के चरणों, पर्यवेक्षण व्यवस्था तथा आंकड़ों की गोपनीयता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जनगणना कार्य पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता और निर्धारित समय-सीमा के भीतर संपन्न कराया जाए।
अपने संबोधन में अपर जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का दायित्व है, जिसमें प्रत्येक अधिकारी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी अधिकारियों से अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को भी समुचित प्रशिक्षण देने और किसी भी शंका की स्थिति में उच्चाधिकारियों से तत्काल समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया और जनगणना–2027 को सफल बनाने का सामूहिक संकल्प दोहराया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Join WhatsApp Group