मुजफ्फरनगर। जनपद के थाना ककरौली क्षेत्र के गांव चौरावाला में पड़ोसियों के बीच चल रहा मामूली विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि नाली और चबूतरे को लेकर चल रहे तनाव के बीच एक पक्ष के लोगों ने घर में घुसकर महिलाओं के साथ मारपीट की, जिससे दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना का वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया।
पीड़ित आशु निवासी गांव चौरावाला, के अनुसार पड़ोसियों के साथ कुछ दिनों से घर के सामने बने चबूतरे और पानी की निकासी को लेकर विवाद चल रहा था। गुरुवार दोपहर जब वह अपने भाई जावेद के साथ गन्ना कोल्हू पर काम करने गया हुआ था, तभी आरोपित पक्ष के कई लोग लाठी-डंडों के साथ उसके घर में घुस आए। उस समय घर पर उसकी पत्नी मशरूबा (लगभग 35 वर्ष) और भाभी आबिदा (करीब 32 वर्ष) मौजूद थीं।
आरोप है कि हमलावरों ने दोनों महिलाओं को बुरी तरह पीटा, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं। शोर-शराबा सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। सूचना मिलते ही डायल-112 और थाना ककरौली पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया। चिकित्सकों ने आबिदा की हालत को गंभीर बताते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया।
थाना प्रभारी ककरौली जोगेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। वायरल वीडियो को भी साक्ष्य के रूप में जांच में शामिल किया गया है। पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।
