मेरठ। ऑनलाइन कमाई का सपना दिखाकर सोशल मीडिया अकाउंट बेचने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले एक युवक को थाना भावनपुर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान ऋषभ खारी पुत्र रोहित खारी, निवासी ग्राम स्याल, थाना भावनपुर, जनपद मेरठ के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी इंस्टाग्राम और यूट्यूब जैसे प्लेटफॉर्म पर फॉलोअर्स वाले अकाउंट बेचने का विज्ञापन देता था। वह खुद को कभी “राम बुंदेला” तो कभी “विक्रांत सिंह” बताकर लोगों का भरोसा जीतता था। अकाउंट खरीदने के इच्छुक लोगों से वह क्यूआर कोड के माध्यम से भुगतान मंगवाता और रकम मिलते ही मोबाइल नंबर बंद कर देता था।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने अलग-अलग राज्यों के करीब 25 से 30 लोगों से लगभग तीन से चार लाख रुपये की ठगी की है। शिकायतें राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर दर्ज थीं, जिनके आधार पर पुलिस ने मोबाइल नंबर और आईएमईआई ट्रैक कर कार्रवाई की।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से एक आईफोन-14, कई सिम कार्ड और फर्जी आधार व पैन कार्ड बरामद किए हैं। पूछताछ में यह भी पता चला कि वह फर्जी पहचान पत्रों के जरिए खुद को विश्वसनीय दिखाता था।
कार्रवाई में थाना भावनपुर प्रभारी निरीक्षक जोगेन्द्र सिंह और साइबर सेल प्रभारी संजय पांडेय की टीम शामिल रही। पुलिस अब आरोपी के बैंक खातों और संभावित सहयोगियों की जांच कर रही है, ताकि ठगी की पूरी रकम और नेटवर्क का खुलासा हो सके।
