मुजफ्फरनगर जनपद के भोपा थाना क्षेत्र अंतर्गत मोरना कस्बे में किसान रामप्रसाद हत्याकांड में पुलिस ने एक और अहम गिरफ्तारी कर मामले की परतें खोल दी हैं। गुरुवार को पुलिस ने नाबालिग बेटी के प्रेमी रॉकी को दबोच लिया, जिस पर हत्या की साजिश रचने और वारदात से पहले परिवार को बेहोश करने के लिए नशीली गोलियां उपलब्ध कराने का आरोप है।
बताया जा रहा है कि रविवार देर रात रामप्रसाद की उनके ही घर में धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। उनके पेट पर भी कई बार किए गए थे, जिससे घटना की क्रूरता साफ झलकती है। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतक की दो बेटियों को हिरासत में लिया था। पूछताछ में बेटियों ने स्वीकार किया था कि पिता द्वारा कथित अपमान से आहत होकर उन्होंने यह कदम उठाया।
हालांकि शुरुआत में किसी बाहरी व्यक्ति की संलिप्तता से इनकार किया गया था, लेकिन गहन छानबीन और कॉल डिटेल खंगालने पर नया मोड़ सामने आया। पुलिस अधीक्षक देहात आदित्य बंसल के अनुसार, वारदात से करीब डेढ़ घंटे पूर्व नाबालिग बेटी और रॉकी के बीच बातचीत हुई थी। जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि रॉकी ने ही नशीली गोलियां उपलब्ध कराईं, जिन्हें खीर में मिलाकर परिवार को खिला दिया गया, जिससे सभी अचेत हो गए और वारदात को अंजाम देना आसान हो गया।
भोपा पुलिस अब रॉकी के विरुद्ध आपराधिक साजिश समेत विभिन्न धाराओं में चालान की तैयारी कर रही है। मामले में नियमानुसार विधिक कार्रवाई जारी है। घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है और पारिवारिक रिश्तों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
