मुजफ्फरनगर। होली पर्व को देखते हुए जिला प्रशासन ने अवैध शराब के कारोबार पर कड़ी निगरानी शुरू कर दी है। डीएम वार रूम मुजफ्फरनगर की ओर से आबकारी विभाग ने जनसाधारण को सचेत करते हुए अपील जारी की है कि किसी भी हालत में अवैध अड्डों से शराब खरीदकर उसका सेवन न करें।
आबकारी विभाग ने बताया कि त्योहारों के दौरान कुछ असामाजिक तत्व निजी लाभ के लिए अवैध तरीके से शराब और अन्य मादक पदार्थ तैयार कर चोरी-छिपे बेचते हैं। ऐसी अवैध शराब में मिथाइल अल्कोहल जैसी जहरीली सामग्री हो सकती है, जो आंखों की रोशनी छीन सकती है और गंभीर स्थिति में व्यक्ति की मृत्यु तक हो सकती है। इसलिए नागरिक केवल अधिकृत आबकारी दुकानों से ही क्यूआर कोड व सील लगी हुई, निर्धारित मूल्य पर मदिरा खरीदें।
विभाग ने अवैध शराब के निर्माण, बिक्री या तस्करी की सूचना देने के लिए टोल फ्री नंबर 14405 और व्हाट्सएप नंबर 9454466019 जारी किया है। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम और पता पूर्णतः गोपनीय रखा जाएगा।
इसके अलावा क्षेत्रवार आबकारी निरीक्षकों के नंबर भी जारी किए गए हैं—
क्षेत्र-1 (सदर) के लिए 9454466456,
क्षेत्र-2 (खतौली) के लिए 9454466458,
क्षेत्र-3 (जानसठ) के लिए 9454466838,
और क्षेत्र-4 (बुढाना) के लिए 9454466526।
जनता से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत विभाग को दें। साथ ही शिकायत दर्ज कराने के लिए अपने स्मार्टफोन में ‘जन शिकायत’ मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं। प्रशासन ने साफ किया है कि होली के अवसर पर कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
