मुजफ्फरनगर। जनपद के बुढ़ाना कस्बे में प्रशासन द्वारा निर्धारित समय सीमा के बाद बाजार खुला रखना दो व्यापारियों को महंगा पड़ गया। रात्रि 10 बजे के बाद दुकान संचालित करते पाए जाने पर पुलिस ने दोनों दुकानदारों को हिरासत में लेकर सख्त चेतावनी दी। कार्रवाई के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में हड़कंप की स्थिति देखी गई।
जानकारी के अनुसार, त्योहारी सीजन और कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने बुढ़ाना क्षेत्र में रात्रि 10 बजे के बाद सभी बाजार और प्रतिष्ठान बंद रखने के निर्देश जारी किए थे। आदेश का पालन सुनिश्चित कराने के लिए पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम लगातार गश्त कर रही थी।
शनिवार देर रात थाना बुढ़ाना पुलिस ने मुख्य बाजार क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान दो दुकानों को निर्धारित समय के बाद खुला पाया। अधिकारियों के अनुसार, संबंधित व्यापारियों को पहले भी समय पालन को लेकर सचेत किया गया था। मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने दोनों को हिरासत में लेकर थाने ले जाया गया, जहां पूछताछ के बाद शांति भंग की आशंका में वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई।
इस दौरान एसपी देहात आदित्य बंसल के निर्देशन में क्षेत्र में पैदल मार्च भी निकाला गया। सीओ बुढ़ाना और थाना प्रभारी ने व्यापारियों से संवाद करते हुए स्पष्ट किया कि आदेश की अवहेलना किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है, इसलिए समय सीमा का पालन अनिवार्य है।
