हाथरस (उत्तर प्रदेश)। जनपद हाथरस के सदर कोतवाली क्षेत्र के नई बस्ती, नाई का नगला मोहल्ले में शादी के कुछ ही दिनों बाद घटी एक सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके को हिला दिया है। आरोप है कि सुहागरात के दिन ही नवविवाहिता ने अपने पति पर चाकू से हमला कर दिया और चार दिन बाद ससुराल वालों को नशीला भोजन खिलाकर लाखों रुपये के जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, क्षेत्र निवासी सुनील (परिवर्तित नाम) का विवाह 21 फरवरी 2026 को मोनिका (परिवर्तित नाम) के साथ पारंपरिक रीति-रिवाजों से हुआ था। परिजनों के मुताबिक, शादी की पहली रात जब दूल्हा कमरे में पहुंचा तो किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि इसी दौरान दुल्हन ने चाकू निकालकर दूल्हे पर हमला कर दिया। हमले में युवक के हाथ में चोट आई। बताया जा रहा है कि दुल्हन ने यह भी कहा कि वह इस शादी से खुश नहीं है और किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने की बात कही।
घटना के बाद परिवार के बड़े-बुजुर्गों ने दोनों को समझाने का प्रयास किया। मामला शांत होता दिखा और घर में सामान्य माहौल बनाने की कोशिश की गई। लेकिन 25 फरवरी की शाम घटनाक्रम ने नया मोड़ ले लिया। आरोप है कि दुल्हन ने खुद रसोई में खाना बनाया और पूरे परिवार को परोसा। खाना खाने के कुछ ही समय बाद परिवार के सदस्य अचेत हो गए।
अगली सुबह जब सभी को होश आया तो घर का मुख्य दरवाजा खुला मिला और नवविवाहिता घर से गायब थी। परिवार का आरोप है कि घर से करीब 10 लाख रुपये के सोने के आभूषण, लगभग 5 लाख रुपये के चांदी के जेवर और करीब 18 हजार रुपये नकद भी गायब हैं। परिजनों का कहना है कि युवती अपने किसी परिचित युवक के साथ चली गई है।
घटना की सूचना पर सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। युवती का पता लगाने का प्रयास जारी है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जाएंगे। चिकित्सीय रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
