गोरखपुर। जनपद के बांसगांव नगर पंचायत क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक मामूली दिखने वाला नाली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। लाठी-डंडों से हुई मारपीट में अधिवक्ता एवं पत्रकार अग्निवेश सिंह (42) की मौत हो गई, जबकि उनके पिता और भाई सहित तीन लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, बांसगांव नगर पंचायत के वार्ड-9 में नाली निर्माण के दौरान पानी की निकासी को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। आरोप है कि पानी की दिशा बदलने के लिए पाइप डालने का प्रयास किया जा रहा था, जिसका अग्निवेश सिंह ने विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में तीखी बहस हुई और देखते ही देखते मामला हिंसक झड़प में बदल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद के दौरान अग्निवेश सिंह को घेरकर लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा गया। गंभीर हालत में उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना में उनके पिता सुनील सिंह और भाई नीतीश सिंह (एडवोकेट) भी घायल हुए हैं। दोनों को बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। दूसरी ओर, झड़प में आरोपी पक्ष का एक युवक भी घायल बताया जा रहा है।
सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है। एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। पत्रकार संगठनों और अधिवक्ता संघ ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Join WhatsApp Group