आगरा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सक्रिय अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यूपी एसटीएफ और आगरा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। संयुक्त कार्रवाई में 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश पवन उर्फ कल्लू मुठभेड़ में मारा गया। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, एसटीएफ की नोएडा यूनिट को सूचना मिली थी कि गाजियाबाद के थाना लोनी क्षेत्र के सिरौली गांव का निवासी पवन उर्फ कल्लू आगरा में अपने साथियों से मिलने आने वाला है। सूचना पर एसटीएफ और थाना ताजगंज पुलिस ने संयुक्त घेराबंदी की। देर रात संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर जब टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया तो आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से पवन गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल एसएन मेडिकल कॉलेज, आगरा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौके से एक 9 एमएम पिस्टल, कारतूस और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार बरामद पिस्टल वर्ष 2016 में गौतमबुद्ध नगर के बिसरख थाना क्षेत्र से एक पुलिसकर्मी से लूटी गई थी।
पवन उर्फ कल्लू पर रंगदारी, लूट, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट सहित 18 से अधिक संगीन मुकदमे दर्ज थे। ताजगंज क्षेत्र में हाल ही में दर्ज रंगदारी प्रकरण के बाद उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। इससे पहले भी वह हत्या के एक मामले में वांछित रहा है।
एसटीएफ अधिकारियों ने बताया कि पवन लंबे समय से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सक्रिय था और व्यापारियों को धमकाकर अवैध वसूली करता था। उसके गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। मुठभेड़ स्थल का निरीक्षण कर फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Join WhatsApp Group