मुजफ्फरनगर। जनपद के बुढ़ाना कस्बे में देर शाम तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। बड़ौत रोड स्थित एक बैंक्वेट हॉल के सामने सड़क किनारे टहल रहे चार लोगों को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया, जबकि घायल सड़क पर तड़पते रहे। घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बबीता (पत्नी स्व. सुभाष जाटव), धीरज पाल, उनकी पत्नी सुनीता और सात वर्षीय मासूम परी भोजन के बाद टहलने निकले थे। इसी दौरान तेज गति से आ रहे एक वाहन ने उन्हें सामने से टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों कई फीट दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बुढ़ाना ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेरठ के उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार सभी की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
सूचना पर पहुंची थाना बुढ़ाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि फरार वाहन की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि वाहन की रफ्तार अत्यधिक थी और लापरवाही स्पष्ट प्रतीत होती है। अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी गई है।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने बड़ौत रोड पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण, स्पीड ब्रेकर और ट्रैफिक निगरानी बढ़ाने की मांग की है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि इस मार्ग पर पहले भी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन प्रभावी कदम नहीं उठाए गए।
