मुजफ्फरनगर, 28 फरवरी 2026। उत्तर प्रदेश सरकार के मिलेट्स पुनरोद्धार कार्यक्रम के तहत जनपद में ‘श्री अन्न’ को बढ़ावा देने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। शनिवार प्रातः 11 बजे विकास भवन परिसर से मुख्य विकास अधिकारी श्री कमल किशोर कंदारकर एवं उपकृषि निदेशक श्री प्रमोद सिरोही ने एलईडी प्रचार-प्रसार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कृषि विभाग द्वारा संचालित इस अभियान का उद्देश्य शहरों, कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों में पोषक तत्वों से भरपूर श्री अन्न—बाजरा, ज्वार, रागी, कोदो, सावां आदि—की खेती और उपभोग के प्रति किसानों व आमजन को जागरूक करना है। एलईडी वैन के माध्यम से जनपद के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर लघु फिल्में, लोकगीत, विज्ञापन एवं डॉक्यूमेंट्री प्रदर्शित कर मिलेट्स के महत्व को रेखांकित किया जा रहा है।
विकास भवन, तहसील सदर परिसर एवं विकासखंड सदर परिसर में आयोजित प्रसारण कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। उपस्थित नागरिकों ने एलईडी स्क्रीन पर प्रसारित गीतों और चलचित्रों के माध्यम से श्री अन्न के लाभों की जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने बताया कि “श्री अन्न” को सुपर फूड की श्रेणी में रखा गया है, क्योंकि यह कैल्शियम, आयरन और फाइबर से भरपूर होता है तथा मधुमेह और मोटापे जैसी बीमारियों की रोकथाम में सहायक है।
कृषि विशेषज्ञों के अनुसार मिलेट्स की खेती कम पानी में भी संभव है और यह प्रतिकूल जलवायु परिस्थितियों में भी अच्छी उपज देता है। कम लागत, कम उर्वरक और कीटनाशकों की आवश्यकता तथा बढ़ती वैश्विक मांग के कारण यह किसानों के लिए लाभकारी विकल्प बनता जा रहा है।
कृषि विभाग द्वारा मिलेट्स की खेती को प्रोत्साहित करने हेतु किसानों को निःशुल्क बीज मिनीकिट वितरण, प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना पर अनुदान, मोबाइल आउटलेट व मिलेट्स स्टोर पर अनुदान, प्रेरणा कैंटीन सहायता तथा प्रशिक्षण एवं तकनीकी सहयोग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
अधिकारियों ने आशा व्यक्त की कि इस जागरूकता अभियान से जनपद में श्री अन्न की खेती का रकबा बढ़ेगा और किसान आर्थिक रूप से सशक्त होंगे, वहीं आमजन के स्वास्थ्य में भी सकारात्मक सुधार देखने को मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Join WhatsApp Group