शामली। जनपद के भैंसवाल रोड स्थित नवीन मंडी पुलिस लाइन के समीप एक ढाबे पर मामूली कहासुनी ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। कैराना क्षेत्र में तैनात सिपाही नरेश कुमार पर ढाबा संचालक पक्ष के युवक ने लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार गुरुवार देर रात सिपाही नरेश कुमार ड्यूटी से लौटते समय भैंसवाल रोड स्थित एक ढाबे पर भोजन करने पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक किसी बात को लेकर सिपाही और ढाबा संचालक के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक के बाद हाथापाई शुरू हो गई।
आरोप है कि इसी दौरान ढाबा संचालक का पुत्र अमित कुमार लोहे की रॉड लेकर आया और सिपाही के सिर पर वार कर दिया। रॉड लगते ही सिपाही लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना आदर्शमंडी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सिपाही को जिला संयुक्त चिकित्सालय, शामली में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार सिर में गहरी चोट आई है और उनका उपचार जारी है। चिकित्सीय परीक्षण (मेडिकल) के बाद ही चोटों की गंभीरता का अंतिम आकलन हो सकेगा।
घायल सिपाही नरेश कुमार ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद वह विधिक कार्रवाई के लिए तहरीर देंगे। वहीं पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में आरोपी पक्ष से भी पूछताछ की जा रही है।
इस घटना से कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं, क्योंकि सार्वजनिक स्थल पर वर्दीधारी पुलिसकर्मी पर हमला होना गंभीर विषय माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तहरीर मिलने पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
