मुजफ्फरनगर, 28 फरवरी 2026। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के क्रम में थाना सिखेड़ा परिसर में शनिवार को समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक अपराध श्रीमती इन्दु सिद्धार्थ ने की। समाधान दिवस के दौरान बड़ी संख्या में फरियादी अपनी शिकायतों के साथ पहुंचे, जिनकी समस्याओं को पुलिस अधीक्षक अपराध ने स्वयं गंभीरता से सुना।
इस अवसर पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त सभी शिकायतों का मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच करते हुए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि महिला अपराध से जुड़ी शिकायतों की जांच प्राथमिकता के आधार पर की जाए तथा पीड़ित पक्ष को त्वरित न्याय दिलाने की दिशा में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जाए।
समाधान दिवस के दौरान उपस्थित नागरिकों को साइबर अपराध एवं साइबर ठगी के प्रति भी जागरूक किया गया। पुलिस अधीक्षक अपराध ने ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय बताते हुए अंजान कॉल, लिंक और ओटीपी साझा न करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन पर सूचना दें।
कार्यक्रम के उपरांत पुलिस अधीक्षक अपराध ने थाना सिखेड़ा का आकस्मिक निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर, कार्यालय अभिलेख, मालखाना, शस्त्रागार, हवालात, महिला हेल्प डेस्क तथा सीसीटीएनएस कक्ष का बारीकी से परीक्षण किया गया। अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव, लंबित विवेचनाओं की प्रगति तथा अपराध रजिस्टरों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी सहित समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। पुलिस प्रशासन द्वारा समाधान दिवस और आकस्मिक निरीक्षण को जनसमस्याओं के प्रभावी समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Join WhatsApp Group