मुजफ्फरनगर। पश्चिम एशिया में ईरान को लेकर बने तनावपूर्ण हालात के मद्देनज़र जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जनपद के ऐसे नागरिक जो ईरान अथवा अन्य प्रभावित देशों में रह रहे हैं या किसी कारणवश वहां फंसे हुए हैं, उनके परिजनों की सहायता के लिए कलेक्ट्रेट परिसर में विशेष इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर की स्थापना की गई है।
जिलाधिकारी के निर्देश पर स्थापित यह कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय रहेगा। प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर 9412210080, 0131-2436918 तथा राहत टोल फ्री नंबर 1077 तत्काल प्रभाव से चालू कर दिए हैं। इन नंबरों पर संपर्क कर परिजन अपने रिश्तेदारों का नाम, पासपोर्ट विवरण, वर्तमान लोकेशन, संपर्क नंबर एवं अन्य आवश्यक जानकारी साझा कर सकते हैं, ताकि शासन स्तर पर त्वरित समन्वय स्थापित किया जा सके।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गजेंद्र कुमार ने बताया कि कंट्रोल रूम में प्रशिक्षित अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। प्राप्त सूचनाओं का संकलन कर उन्हें शासन व संबंधित एजेंसियों तक पहुंचाया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर विदेश मंत्रालय और अन्य विभागों से समन्वय स्थापित कर सहायता प्रक्रिया को तेज किया जाएगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और किसी भी आपात परिस्थिति से निपटने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं।
जनपदवासियों से अपील की गई है कि किसी भी प्रकार की अपुष्ट खबर या अफवाह पर ध्यान न दें। केवल अधिकृत हेल्पलाइन नंबरों के माध्यम से ही जानकारी प्राप्त करें या सूचना उपलब्ध कराएं। जिला प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि हर जरूरतमंद परिवार की सहायता प्राथमिकता के आधार पर की जाएगी।
