मुजफ्फरनगर, 2 मार्च 26। जनपद में अपराध नियंत्रण अभियान के तहत रविवार दोपहर थाना सिविल लाइन पुलिस और दो संदिग्ध बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि उसके साथी को भी चोटें आईं। दोनों को पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार संधावली अंडरपास के निकट चेकिंग के दौरान एक बिना नंबर प्लेट की टाटा नेक्सॉन कार को रोकने का प्रयास किया गया। वाहन में सवार युवकों ने पहले रफ्तार बढ़ाई और कुछ दूरी पर गाड़ी छोड़कर भागने लगे। पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में की गई जवाबी गोलीबारी में एक आरोपी घायल हो गया।
घायल की पहचान रक्षित त्यागी उर्फ दक्ष, निवासी गांव पावटी, थाना चरथावल, जनपद मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है। वह कुख्यात अपराधी विक्रांत उर्फ विक्की त्यागी का पुत्र बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार रक्षित पर हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट सहित कई संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं और वह कुछ मामलों में वांछित भी चल रहा था।
दूसरे आरोपी की पहचान ऋतिक त्यागी उर्फ गोलू, निवासी ग्राम भूमि, थाना सरूरपुर, जनपद मेरठ के रूप में हुई है।
मौके से पुलिस ने चार पिस्टल, दो तमंचे, सात जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, दो मोबाइल फोन और संदिग्ध वाहन बरामद किया है। हथियारों की फोरेंसिक जांच कराई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Join WhatsApp Group