मुजफ्फरनगर। नई मंडी थाना क्षेत्र में जानसठ रोड स्थित दी एस डी पब्लिक स्कूल के समीप एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। हादसे के दौरान कार के एयरबैग खुल गए, जिससे चालक की जान बच गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
जानकारी के अनुसार, कार चालक की पहचान सचिन शर्मा, निवासी बच्चन सिंह कॉलोनी, मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार काफी तेज गति में थी और अचानक संतुलन बिगड़ने से डिवाइडर से जा भिड़ी।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने चालक को वाहन से बाहर निकाला। प्रारंभिक जांच में चालक के नशे में होने की बात सामने आई है। पुलिस ने मेडिकल परीक्षण के लिए उसे भेज दिया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हादसे के चलते कुछ देर के लिए जानसठ रोड पर यातायात बाधित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को हटवाकर मार्ग को सुचारू कराया।
प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि तेज रफ्तार और नशे की हालत में वाहन चलाने से बचें, क्योंकि इससे न केवल अपनी बल्कि दूसरों की जान भी खतरे में पड़ती है। मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Join WhatsApp Group